अमिला अंबेडकर चौक से प्राथिमक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले मार्ग में जल भराव
नगर पंचायत में अंबेडकर चौक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाला मुख्य मार्ग बदहाल पड़ा है। लगभग 500 मीटर लंबी सड़क जगह-जगह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है।
बरसात के बाद हालत यह है कि सड़क पर बने करीब 45 छोटे-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है। इससे राहगीरों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मार्ग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, महिला अस्पताल, राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल, कई विद्यालय, इंटर कॉलेज तथा कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं।
भजुराम चौहान, रमेश प्रजापति, अंजनी, संगीता, मनोज सोनकर, दीनानाथ, मुसाफिर और सीताराम यादव का कहना है कि विभागीय अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया जा सका है।
कोट
यह सड़क पूर्व में ग्राम पंचायत में रही है। इसे कार्य योजना में शामिल कर जल्द ही निर्माण कार्य कराया जाएगा।
- मनोज कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत अमिला