जिला अस्पताल के ओपीडी में रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लगी लोगों की भीड़।संवाद
मऊ। नवंबर में लगातार तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ रही है, लेकिन अब भी बुजुर्गों को छोड़कर अन्य लोग सतर्कता नहीं बरत रहे हैं।
लापरवाही से सुबह और शाम की ठंड से लोग तेजी से बीमार पड़ रहे हैं। इसमें किशोर और युवाओं की संख्या अधिक है। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की ओपीडी में हर दिन 90 से 100 मरीज बुखार, खांसी और जुकाम के आ रहे हैं।
सुबह-शाम की सर्दी और दिन में तेज धूप लोगों को बीमार कर रही है। सुबह घर से निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों से परहेज कर रहे हैं। वहीं रात को सर्द मौसम उन्हें अपनी चपेट में लेकर बीमार कर रहा है। दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक बुखार, खांसी, जुकाम और गले की खराश से परेशान हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. धनंजय कुमार ने बताया कि दिन प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उधर सोमवार को टीम जब पहुंची तो यहां फिजिशियन डॉ. अनिल कुमार, डॉ. शैलेश कुशवाह के चैंबर के सामने बड़ी संख्या में मरीज लाइन में खड़े दिखे। डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मेडिसिन विभाग की ओपीडी में पिछले कई दिन से रोजाना 60 से 70 मरीज खांसी, गले में दर्द, बुखार और सिरदर्द जैसी शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों और युवाओं की संख्या सबसे ज्यादा है। इसमें दो पहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा है। बताया कि इस समय मौसम में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर है।
शरीर को इस अचानक बदलाव के अनुसार खुद को ढालने में समय लगता है। जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, उन पर मौसम का असर जल्दी पड़ रहा है। बच्चे हल्के कपड़े पहने बाहर खेलने चले जाते हैं, वहीं बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने के कारण वे संक्रमण की चपेट में जल्दी आते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे मौसम में हल्के फ्लू, वायरल और श्वसन संक्रमण तेजी से फैलते हैं। हवा में नमी और धूल कण भी संक्रमण को बढ़ावा देते हैं। कई मरीजों में सर्दी-जुकाम के साथ गले में दर्द, बुखार और बदन दर्द जैसे लक्षण भी देखे जा रहे हैं।