अधेड़ को मारी गोली, महिला को भी लगी
शहर कोतवाली क्षेत्र के स्वदेशी कॉटन मिल के सामने बुधवार को अपराह्न लगभग चार बजे एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने एक वाहन एजेंट को गोली मार दी। पास में खड़ी एक महिला को भी गोली लग गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना का कारण घायल ने गांव में जमीनी विवाद बताया है।
मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।कोपागंज थाना क्षेत्र के भांवरकोल गांव निवासी पवन सिंह(50) पुत्र वशिष्ट सिंह नगर के भुजौटी स्थित एक चार पहिया वाहन एजेंसी में फाइनेंस का एजेंट हैं। बुधवार को वह दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के बैजापुर गांव निवासी प्रमोद गुप्ता के वाहन का फाइनेंस कराने स्टेट बैंक सहादतपुरा आए थे। वहां से निकलकर वह स्वदेशी कॉटन मिल के पास प्रमोद गुप्ता से बात कर रहे थे।
इसी दौरान आजमगढ़ मोड़ की तरफ से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और पवन सिंह पर तमंचे से फायर कर दिया। लगातार तीन फायर होने पर पवन सिंह को पीठ में गोली लग गई और कुछ दूरी पर खड़ी प्रमोद गुप्ता की पत्नी निर्मला के पैर में भी लग गई। इस दौरान प्रमोद गुप्ता बाल-बाल बच गया। बदमाश तमंचा लहराते हुए वापस उसी दिशा में फरार हो गए। लोगों ने आनन फानन में पवन सिंह एवं महिला निर्मला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान पवन सिंह ने गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन संबंधित दुश्मनी बताते हुए उस पर एवं गोली मारने वाले अज्ञात बदमाशों पर आरोप लगाया है।
पुलिस उसके बयान के आधार पर बदमाशों का सुराग खोजने में लग गई है। घटना की सूचना पाकर अस्पताल में अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बदमाश जल्द ही पुलिस के गिरफ्त में होंगे। इसके लिए स्वाट टीम सहित कई थानों की पुलिस टीम को निर्देश दिया गया है।