UP Weather News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में भी गर्मी का कहर जारी है। सुबह 10 बजते ही सड़कों पर भीड़ कम दिख रही है। वहीं, पर्यटन स्थलों पर भी लोग कम जा रहे हैं। सुबह से लेकर शाम फिर रात तक गर्म हवाएं चलने से लोग बिलबिला रहे हैं।
Mau Weather: मऊ नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को गर्मी का कहर जारी रहा। तापमान में कमी के बाद भी उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं ग्रामीण इलाकों में अघोषित बिजली कटौती, ट्रिपिंग से लोगों को दिन रात बिताना मुश्किल हो रहा है। कृषि कार्य पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।
विज्ञापन
शुक्रवार को सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे। सुबह सात बजे ही धूप सहन नहीं हो पा रही थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, धूप तेज होती गई। दिन भर धूप छांव होता रहा। वातावरण में गर्मी और उमस का प्रभाव बढ़ जाने से घरों से बाहर निकले लोग परेशान रहे। मौसम में बार-बार बदलाव से लोग सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। गंभीर मरीजों की परेशानी बढ़ रही है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 42 प्रतिशत रही। 11 किमी की रफ्तार से हवा चल रही थी। जबकि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा।
विज्ञापन
ग्रामीण इलाकों में फाॅल्ट, तकनीकी खामी से घंटों बिजली गुल हो जा रही है। ऐसे में दिन रात एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा है। रात के समय बिजली गुल रहने से नींद पूरी नहीं हो पा रही है। इस संबंध में जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि हृदय रोगी, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के मरीजों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। मौसम की तपिश और उमस इनके स्वास्थ्य को सीधे प्रभावित करती है। ऐसे मरीज नियमित रूप से दवा लें, चिकित्सक की सलाह के अनुरूप खानपान और दिनचर्या का पालन करें।