अधिवक्ताओं पर मुकदमा दर्ज करने के विरोध में मधुबन में जिला प्रशासन का पुतला फूंकते अधिवक्ता।
मधुबन/फतहपुर मण्डाव। सूखा राहत चेक वितरण में की गई धांधली का विरोध करने के दौरान वकीलों के विरुद्ध थाने में दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर वकीलों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जुलूस निकाला। साथ ही डीएम और एसडीएम का पुतला फूंका। इसके बाद अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग को जाम लगा दिया।
बता दें कि सूखा राहत वितरण में धांधली बरते जाने की जानकारी होने पर मधुबन तहसील बार के अधिवक्ताओ के एक प्रतिनिधि मंडल ने बीते 19 मई को उपजिलाधिकारी को पत्रक देने का प्रयास किया था। अधिकारियों के आनाकानी करने पर अधिवक्ता उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए थे। इस दौरान नायब तहसीलदार को बंधक बना लिया था। इस मामले में तहसील बार के अध्यक्ष जगदीश सिह, संतोष पाण्डेय, फुलचन्द विन्ध्याचल विनोद कुमार सिंह समेत 25 अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था तभी से अधिवक्ता आंदोलित हैं।
मुकदमा वापसी को लेकर प्रशासन की चुप्पी से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने सोमवार को तहसील से जुलूस निकाला। प्रशासन विरोधी नारे लगाते हुए अधिवक्ताओं ने अस्पताल गली के सामने मुख्य मार्ग पर पहुंच कर जिलाधिकारी व उप जिलाधिकारी का पुतला फूंका। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया था। तहसील बार के अध्यक्ष जगदीश सिंह ने कहा कि जब तक अधिवक्ताओं पर से फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए जाते हमारा आन्दोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर संतोष पाण्डेय सतीराम यादव पारस यादव जवाहर लाल पाण्डेय शिवप्रकाश सिंह बजरंगी पाण्डेय सहित दर्जनो अधिवक्ता मौजूद रहे।