दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मुहम्मदाबाद सिपाह गांव में संदिग्ध परिस्थिति में वृद्ध महिला की मौत
बोझी। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मुहम्मदाबाद सिपाह गांव में सोमवार को सहोदरी देवी (60) की मौत हो गई। दो दिन पहले ही जमीन विवाद को लेकर पट्टीदारों से मारपीट हुई थी। सहोदरी देवी के परिवार के 9 लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। इसी रंजिश में आशंका जताते हुए परिजनों ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने इसे संदिग्ध मौत मानते हुए पहले पोस्टमार्टम कराने फिर कार्रवाई करने की बात कही और शव जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि वृद्ध महिला बीते कई महीने से गंभीर रूप से बीमार थी। उनका इलाज आजमगढ़ के चक्रपानपुर स्थित पीजीआई अस्पताल में चल रहा था। उनकी स्थिति को गंभीर देख डॉक्टरों ने घर ले जाकर देखभाल करने की सलाह दी थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला के बेटे सौदागर ने पड़ोसी पर रात में गला दबाकर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।