नगर स्थित रोडवेज पर बस की प्रतिक्षा करते यात्री। संवाद
मऊ। छठ पर्व के बाद प्रवासियों के लौटने का सिलसिला चालू हो गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने मऊ से चार प्रमुख महानगरों के लिए सात पूजा स्पेशल ट्रेनें तो चलाई हैं, लेकिन इनकी लेटलतीफी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आलम यह है कि जो दूरी सामान्य तौर पर 24 घंटे में तय होती है, उसे पूरा करने में इन ट्रेनों को 30 से 34 घंटे तक का समय लग रहा है। मंगलवार को भोर में 4:15 पर रवाना होने वाली मुंबई लोकमान्य तिलक पूजा स्पेशल (01124) 8 घंटे की देरी से दोपहर 12:12 बजे मऊ से रवाना हुई। मंगलवार को मऊ से गुजरने वाली और बनकर चलने वाली नियमित ट्रेनों में भारी भीड़ देखी गई। दिल्ली जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस, अजमेर गरीब नवाज, आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस और आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस पूरी तरह पैक रहीं। वहीं मुंबई की ओर जाने वाली काशी एक्सप्रेस, गोदान एक्सप्रेस, मुंबई लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस हमसफर एक्सप्रेस और दादर सेंट्रल एक्सप्रेस में भी पैर रखने तक की जगह नहीं बची। सीट न मिलने के कारण मजबूर यात्री कोच के दरवाजों पर बैठकर और लटककर जोखिम भरा सफर करते नजर आए।
पूजा स्पेशल ट्रेनें
इनमें कोलकाता-मऊ-कोलकाता (05096/95), अंबाला कैंट-मऊ-अंबाला कैंट (05301/02), जोधपुर-मऊ-जोधपुर (04824/23), प्रतापनगर-मऊ-प्रतापनगर (09196/95), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (01124/23), मुंबई सेंट्रल-मऊ-मुंबई सेंट्रल (09184/83) और बांद्रा-आजमगढ़-बांद्रा (05183/84) के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
त्योहार पर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। सबसे पहले नियमित ट्रेनों को निर्धारित समय पर चलाया जा रहा है। ताकि यात्रियों को परेशानी न हो। पूजा स्पेशल ट्रेनों को भी समय से पास देने का निर्देश दिया गया है।- महेश गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी