उज्जवला में कार्यक्रम खत्म होने के बाद घोसी में डाक विभाग की लापरवाही के कारण प्रधानों के पास पहुंचा निमंत्रण पत्र
डाक विभाग की लापरवाही के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बलिया में आयोजित हुए कार्यक्रम में कई प्रधान नहीं पहुंच सके। उज्ज्वला योजना के कार्यक्रम में एक मई को घोसी ब्लाक के ग्राम प्रधानों को पहुंचने का निमंत्रण पत्र छह मई को मिला। ग्राम प्रधानों ने आरोप लगाया कि डाक विभाग के अधिकारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैए से वे कार्यक्रम में शामिल होने से वंचित रह गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बलिया में बीपीएल परिवार के लोगों को एलपीजी गैस कनेक्शन देने के लिए उज्ज्वला योजना कार्यक्रम में भाग लेने के लिये घोसी ब्लॉक के 72 ग्राम प्रधानों को निमंत्रण पत्र पेट्रोलियम मंत्रालय से भेजा गया। जो क्षेत्र के प्रधानों को छह मई को प्राप्त हुआ।
मिर्जाजमालपुर की प्रधान मीरा यादव, खत्रीपार के प्रधान कालिका चौहान, चकमुसैयद के प्रधान नगीना, केरमामहरुपुर के प्रधान राजाराम यादव, माउरबोझ के प्रधान सुनील वर्मा, अहमदपुरअसना की प्रधान सगुफ्ता आदि ने नाराजगी प्रकट करते हुए बताया कि आमंत्रण पत्र के देर से पहुंचने से हम लोग प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचने से वंचित रह गए।
इसके लिये डाक विभाग के अधिकारी जिम्मेदार हैं। क्योंकि 29 अप्रैल को आमंत्रण पत्र पोस्ट किया गया और डाक विभाग ने 6 मई को दिया है। समय से मिल गया होता तो हम लोग भी कार्यक्रम में भाग लिए होते। इस बड़े कार्यक्रम में शामिल होकर हमें कुछ सीखने के लिए ही मिलता।