सरायलखंसी थाना क्षेत्र के भुजौटी मोहल्ला स्थित सूर्या हास्पिटल में चिकित्सक के कमरे में शुक्रवार की रात गैस सिलेंडर फटने से चिकित्सक गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने तत्परता से आग पर काबू पाया। गैस सिलेंडर फटने से लगी आग में नगदी सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। \
भुजौटी मोहल्ले में सूर्या हास्पिटल स्थित है। उसी के ऊपर वहां के चिकित्सक डा. अवनीश पांडेय का आवास भी है। हर दिन की तरह वह शुक्रवार की रात गर्मी होने के कारण छत पर मौजूद खाली जगह पर सोए थे। रात करीब एक बजे अचानक उनके आवास में गैस सिलेंडर जोरदार आवाज के साथ फट गया। गनीमत यह रही की कोई हताहत नही हुआ। गैस सिलेंडर फटने के बाद कमरे में आग लग गई। डा. अवनीश पांडेय ने इसकी सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी। सामानों को बचाने में वह झुलस गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन इस बीच लाखों का सामान जलकर राख हो गया। कमरे की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। डा. अवनीश पांडेय ने बताया कि गैस सिलेंडर फटने के दौरान लगी आग में आभूषण, नगद, टीवी, एसी, कूलर , वाशिंग मशीन, डबल बेड, आदि जलकर राख हो गया।