सीबीएसई के 10वीं का रिजल्ट गुरुवार को घोषित हुआ। मेहनत की कलम से छात्र-छात्राओं ने सफलता की इबारत लिखी। 10 सीजीपीए पाने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या में इजाफा हुआ। अधिकांश विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शतप्रतिशत रहा। ज्यादातर विद्यार्थियों को ग्रेड ए-1 और ए-2 मिला है। इस रिजल्ट से छात्र, स्कूल व अभिभावक प्रसन्न हैं।
सीबीएसई से जिले में चंद्रा पब्लिक स्कूल, लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल, नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, एसआरडी पब्लिक स्कूल, सनबीम स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शानदार रहा।
नगर स्थित चंद्रा पब्लिक स्कूल का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। विद्यालय के 40 बच्चों ने 10 सीजीपीए हासिल किया। लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल का रिजल्ट शतप्रतिशत रहा। विद्यालय के 54 बच्चों ने 10 सीजीपीए हासिल किया। वहीं, एसआरडी पब्लिक स्कूल का रिजल्ट भीबेहतर रहा। कई छात्र छात्राओं ने 10सीजीपीए हासिल किया।
सनबीम स्कूल के 10वीं का रिजल्ट 94 प्रतिशत रहा। 30 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 28 छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। दो छात्रों ने 10 सीजीपीए हासिल किया। उधर रिजल्ट घोषित होने के कारण गुरुवार को परीक्षार्थियों के दिल की धड़कनें तेज थीं। सर्वर स्लो चलने की वजह से विद्यालय के शिक्षक व छात्र काफी परेशान नजर आए।
रिजल्ट को लेकर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में दोनों में बेचैनी रही। पहला बोर्ड होने के कारण छात्र खासे चिंतित थे। रिजल्ट आने के बाद तो पूछना ही क्या। बेहतर रिजल्ट आने पर जम कर धमा चौकड़ी मचाई। घरों में जश्न का माहौल रहा।
मंदिरों में प्रसाद चढ़ाकर 12वीं में भी प्रदर्शन को दोहराने की मन्नत मांगी। फोन से मित्रों और रिश्तेदारों व नातेदारों को रिजल्ट के बारे में जानकारी दी। अधिकांश छात्रों के चेहरे पर मुस्कान देखते ही बनती थी।
रिजल्ट आते ही कई छात्रों ने अपने मम्मी पापा को उनके वायदे की याद दिलाई जो उन्होंने परीक्षा के दौरान किया था। इसके बाद शुरू हो गया कि आगे क्या किया जाए। उसी स्कूल में पढ़ा जाए कि बदल दिया जाए। साइंस या कामर्स वगैरह की चर्चाओं के बीच अधिकांश छात्राओं का दिन गुजर गया। मुहम्मदाबादगोहना कस्बा स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल का परीक्षा परिणाम शानदार रहा। 28 बच्चों ने 10 सीजीपीए हासिल किया।