कोपागंज (मऊ)। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए घोषित कोरोना कर्फ्यू का पालन नहीं किया जा रहा है। कोपागंज के मुख्य बाजार चौक भरत मिलाप और मुख्य सड़क से जुड़ी गलियों में बाजार गुलजार हैं। पुलिस सड़कों पर अनावश्यक न निकलने की अपील कर रही है लेकिन लोग गली चौराहों पर भीड़ लगा रहे हैं।
कोरोना महामारी के प्रकोप को देखते हुए केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश की सरकार सूबे में कोरोनाकफ्यू लगाया है। लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की जा रही है। बावजूद इसके जनता पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा है। इसके साथ पुलिस महकमा भी कोरोना और लॉक डाउन के नियमों का पालन करवाने में सख्ती नहीं दिखा रहा है। कोपागंज के मुख्य बाजार भरतमिलाप ओड़ियाना के मैदान में सुबह से शाम तक मजमा लगा रह रहा है। लोगों के द्वारा न तो मास्क का प्रयोग किया जा रहा है और नहीं सोशल डिस्टेंडिंग का पालन किया जा रहा है। किराने से लेकर कपड़ा, बर्तन ,जूता, चाय की दुकानें बेधड़क खुल रही हैं।
43 दुकानदारों के खिलाफ दर्ज किया केस
कोपागंज। बंदी में भी दुकानें खोलने को लेकर पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने अब तक दुकान खोलकर भीड़ लगाने के आरोप में 18 नामजद एवं 25 अज्ञात दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोपागंज थानाध्यक्ष अजय तिवारी एवं कुर्थीजाफ़रपुर एसआई आर एन पांडेय ने अभियान चलाकर लोगों से अपील किया कि भीड़ न लगाएं, बिना मास्क बाहर न निकले और दुकान न खोलें। इसके बावजूद 43 दुकानदारों ने दुकान खोलकर भीड़ लगायी थी। पुलिस ने 18 दुकानदारों के खिलाफ नामजद एवं 25 अज्ञात दुकानदारों के खिलाफ महामारी अधिनियम, 54 आपदा प्रबंधन के तहत मुकदमा दर्ज किया है।