संबोधित करते प्रभारी मंत्री नंदगोपाल नंदी।
मऊ। फसल ऋण मोचन योजना के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के प्रांगण में किसानों के ऋण माफी का प्रमाण पत्र वितरण किया गया। कार्यक्रम में किसानों को प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने अपने हाथों से किसानों को प्रमाण पत्र दिया। इस दौरान कुल 4901 किसानों में 25 करोड़ 60 लाख का ऋण का प्रमाण पत्र सौंपा गया।
मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि देश में पहला पैसा खेती के माध्यम से किसानों से ही आता है। वह हमारे अन्नदाता हैं। सरकार इनके कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है और पारदर्शी तरीके से इसका लाभ दिया जा रहा है। कहाकि भाजपा का कार्य सिर्फ हवा हवाई नहीं बल्कि जमीन पर भी दिखाई पड़े इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार पर कड़े शब्दों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेताया कि सरकार की मंशा है कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत की स्थापना हो। कहा कि जिले में किसी भी अधिकारी से उन्हें एक भी रुपया नहीं चाहिए, इसलिए वह सरकार की मंशा को ध्यान में रखकर भ्रष्टाचार मुक्त कार्य करें। कहा कि प्रदेश में अपराध को रोकने के लिए सरकार कड़े इंतजाम कर रही है। इस दौरान उन्होंने किसानों से हाथ उठवाकर पूछा कि कहीं वह इस ऋण माफी के लिए किसी को पैसा तो नहीं दिए हैं। इस पर ना की आवाज आई। कहा कि अपराधी या तो जेल में होंगे या उनके घर पर बुलडोजर चलेगा। पूर्व की सरकार की तरह गुंडे माफियाओं के इशारे पर काम नहीं होगा। अपराधियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है और जरुरत पड़ रही है तो एनकाउंटर भी किया जा रहा है। कहा कि इस कार्य में बाधा आ रही है क्यों कि 15 साल के कोढ़ को पांच महीने में पूरी तरह से नहीं हटाया जा सकता है। कहा कि आवास के नाम पर धनउगाही, खनन सहित विभिन्न माध्यमों से पैसा कमानों वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कहा कि अपने घर के लिए मिट्टी खनन का कार्य करने वालों को पुलिस या प्रशासन कोई परेशान न करे। कहा कि असली ताली जनता को सुख, समृद्धि मिली उस पर बजनी चाहिए। सांसद हरिनरायन राजभर ने कहा कि देश के ओजस्वी प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। देश को विश्व गुरू बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। इसलिए वह जगह-जगह विदेश की यात्रा कर इसके लिए माहौल भी बना रहे हैं। जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्त ने कहा कि जिले के लिए यह गौरव की बात है कि सरकार ने जो कहा कि वह आज समारोहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित कर पूरा कर रही है। कहा कि सरकार की अन्य योजनाएं भी लाभार्थियों के यहां पारदर्शितापूर्वक पहुंच रही हैं। इस दौरान कुल 4901 किसानों में 25 करोड़ 60 लाख का ऋण का प्रमाण पत्र सौंपा गया। इसमें सदर तहसील के 1620 किसानों, घोसी के 1061 किसान, मुहम्मदाबाद गोहना के 1407, मधुबन के 813 किसान शामिल हैं। इस अवसर पर विधायक घोसी फागू चौहान, मुन्ना दुबे, देवेंद्र यादव, राकेश मिश्र, संतोष सिंह आदि उपस्थित रहे।