मऊ। कोरोना संक्रमण के चक्र को तोड़ने के लिए शासन से जारी तीन दिवसीय बंदी के पहले दिन शनिवार को पूरे शहर में सन्नाटा रहा। इस दौरान सड़कों पर कुछ एक वाहनों को छोड़ सन्नाटे को एंबुलेंस के सायरन तोड़ रहें थे। बंदी के दौरान शहर में सिर्फ मेडिकल हाल की दुकानें खुली रही। इसके अलावा अन्य ट्रेड की दुकानें पूरी तरह से बंद रही। सड़कों पर निकलने वालों में कुछ मतगणना का पास बनवाने वाले तो कुछ मरीजों को दवा लेने या फिर डाक्टर को दिखने के लिए जाने वाले शामिल थे।
बढ़ते कोरोना संक्रमण को देख तीन दिन की बंदी के पहले दिन शनिवार को सुबह से सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। इस दौरान शहर के सभी दुकान बंद रहें। रोडवेज पर भी यात्रियों का टोटा था। रोडवेज पर वाराणसी और आजमगढ़ रुट की दो बसे खड़ी थी, लेकिन गोरखपुर और बलिया रुट पर बसे भी नहीं थी। रविवार को होने वाली मतगणना की तैयारी में जुटे लोगों के साथ साथ दवा के लेने वाले लोग शामिल थे। मरीजों के अटेंडेट और मरीज अस्पतालों में उपचार के लिए भटकते नजर आए। शहर के गाजीपुर तिराहे से लेकर आजमगढ़ मोढ, बाल निकेतन चौराहा, भीटी चौराहा तक पूरी तरह से सन्नाटा पसरा था।