मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के आरिपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात एक युवक का शव उसके घर से कुछ दूरी पर पेड़ पर लटकता मिला। घटना के समय परिवार के सदस्य युवक के बड़े भाई की शादी की तैयारी में जुटे थे। उसकी बरात शुक्रवार को निकलनी थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
आरिपुर गांव निवासी मोतीचंद के बेटे विशाल चौहान (20) ने बृहस्पतिवार को रात में गांव के कुछ दूरी पर एक पोखरे के पास पेड़ में फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह कुछ महिलाएं पोखर के तरफ गईं तो विशाल का शव उसका पेड़ पर लटकता दिखा। महिलाओं ने सूचना दी तो परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। छोटे भाई की मौत से शादी का माहौल गमगीन हो गया। इस बाबत कोतवाली प्रभारी रविंद्र नाथ राय ने बताया कि युवक ने अज्ञात कारणों से खुदकुशी कर ली है। परिजनों का कहना है कि मृतक लगभग दो साल से बीमार चल रहा था। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। विशाल हैदराबाद में रहकर मजदूरी का काम करता था। अपने बड़े भाई शिवनरायण शादी में शामिल होने के लिए वह पांच दिन पहले ही आया हुआ था। घटना की सूचना पर वधु पक्ष के लोगों ने शादी स्थगित कर दी।