मऊ। कोरोना संक्रमण का ग्राफ लगातार बढ़ रहा हैं, लेकिन लोग इससे सबक नहीं लेते दिख रहे हैं। रविवार को सहातदपुरा मुहल्ले में पुत्री के बाद पिता के पॉजिटिव मिलने के बाद जांच करने पहुंची टीम ने से एक परिवार के सदस्यों ने जांच कराने से इंकार कर दिया। साथ ही टीम से अभद्रता भी की। जिसकी शिकायत मेडिकल टीम ने सीएमओ से की।
नगर क्षेत्र के हनुमान नगर प्राथमिक स्वास्थ्य के मेडिकल अफसर डॉ. अभिषेक राय के नेतृत्व में रविवार को टीम ने डॉ. ओपी सिंह के यहां 17 लोगों का एंटीजेन टेस्ट किया। इसके बाद टीम सहादतपुरा निवासी युवती के बाद उसके पिता के पॉजिटिव के मिलने के बाद सहादतपुरा पहुंची।लेकिन पॉजिटिव मरीज के घर के बगल में रहने वाले दो पड़ोसी परिवार ने जांच कराने से इंकार दिया। कई बार मेडिकल टीम ने जांच के लिए अपील की, बावजूद उनके द्वारा जांच नहीं कराया गया।
इस दौरान टीम मुुहल्ले में भ्रमण कर 19 लोगों की एंटीजन से जांच की। साथ् ही आरसीपीसीआर सैंपल भी लिया गया। इससे पहले निजामुद्दीनपुरा नई बस्ती, हरजिन बस्ती आदि जगहों पर मेडिकल अफसर डॉ. अभिषेक राय के नेतृत्व में लैब टेक्नीशियन बाला साहेब, राजीव मौर्या, शशांक, सोनू रानी राय, माया यादव आदि ने डोर टू डोर संपर्क कर टीम ने लोगों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी की। साथ ही उन्हें कोरोना से बचाव और उसके लक्षणों के बारे में जानकारी दी। किसी व्यक्ति के बुखार, सूखी खांसी या कोरोना के अन्य लक्षण दिखने पर जांच कराने की बात कही। जिससे संबंधित व्यक्ति के साथ उसके परिवार और सामाज को इस महामारी से दूर रखा जा सके।