मऊ। कोरोना टीकाकरण के तीसरे चरण में बुजुर्गों को टीका लगाया जा रहा है। ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा पाने के कारण कई बुजुर्ग कोरोना का टीका नहीं लगवा सके हैं। ऐसे बुजुर्ग अपने निकटतम सरकारी अस्पताल में पहचान पत्र और आयु प्रमाण पत्र दिखा कर पंजीयन कराने के टीका लगवा सकते हैं। हालांकि अब तक तीन हजार बुजुर्गों को टीके की पहली डोज भी लग चुकी है।
तीसरे चरण के टीकाकरण में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त और निजी अस्पतालों में प्रति डोज 250 रुपये की दर से कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि जिले में तीसरे चरण में जिले के 2 लाख एक हजार 85 बुजुर्गों को टीका लगाया जाना है। मार्च में 55 हजार 298 बुजुर्गों को टीका लगाने का लक्ष्य है। अब सप्ताह में सोमवार, बृहस्पतिवार तथा शुक्रवार को आरोग्य मेले के तहत 40 से ज्यादा अस्पतालों में टीकाकरण किया जा रहा है। इसके अलावा जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल में अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। बुजुर्ग कोविन पोर्टल पर अपना पंजीयन करा सकते हैं। अगर किसी परिस्थिति में कोई बुजुर्ग ऑनलाइन पंजीयन नहीं करवा पा रहे हैं तो वे अपने निकटतम सरकारी अस्पताल में जाकर एक पहचान पत्र तथा आयु प्रमाण पत्र देकर पंजीयन कराने के बाद टीका लगवा सकते हैं।
इनसेट
चार निजी अस्पतालों में लगवा सकते हैं टीका
मऊ। आयुष्मान योजना में शामिल चार निजी अस्पताल प्रकाश अस्पताल, शारदा नारायण, राहुल नर्सिंग होम तथा फातिमा अस्पताल में टीकाकरण की सुविधा है। इन अस्पतालों में टीका लगवाने के लिए प्रति डोज 250 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। जबकि सरकारी अस्पतालों में मुफ्त में टीका लगाया जा रहा है।
गंभीर रूप से बीमार भी लगवा सकेंगे टीका
मऊ। सीनियर सिटीजन के अलावा 45 वर्ष से अधिक उम्र के मधुमेह, किडनी, हार्ट जैसी बीमारियों से पीड़ित लोग भी चिकित्सक की सलाह कोरोना का टीका लगवा सकते हैं। सीएमओ ने बताया कि आरक्षित श्रेणी में पहले से चिह्नित लाभार्थी शामिल है जबकि आपातकालीन श्रेणी में इमरजेंसी में आने वाले मरीज शामिल हैं जिन्हें टीका लगाना अनिवार्य है।