सीएमओ कार्यालय में धूम्रपान निषेध दिवस पर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में हस्ताक्षर करते सीएमओ डा.स
- फोटो : MAU
मऊ। सीएमओ कार्यालय सभागार में बुधवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत धूम्रपान निषेध दिवस मनाया गया। इसमें धूम्रपान के दुष्परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही बचाव के बारे में बताया गया। कहा, धूम्रपान शरीर ही नहीं बल्कि समाज के लिए भी घातक है। हस्ताक्षर अभियान चलाकर धूम्रपान न करने के लिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
धूम्रपान निषेध दिवस हर वर्ष मार्च माह के दूसरे बुधवार को मनाया जाता है। आयोजित जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि धूम्रपान करने वाला व्यक्ति खुद के साथ परिवार और समाज के कई लोगों के लिए घातक साबित होता है। हर वर्ष धूम्रपान से बड़ी संख्या में लोग कैंसर जैसी घातक बीमारी का शिकार हो रहे हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. पीके राय ने कहा कि धूम्रपान निषेध दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराना है। आज समाज के हर नागरिक को अधिक से अधिक लोगों को धूम्रपान की लत से दूर रहने के लिए जागरूक करने की जरूरत है। जिला सलाहकार डॉ. अश्वनी कुमार सिंह ने धूम्रपान और तंबाकू में पाए जाने वाले जहरीले पदार्थों तथा इससे होने वाले नुकसान के बारे में बताया। जागरूकता कार्यक्रम के बाद हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। हस्ताक्षर कर लोगों ने धूम्रपान न करने के लिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस मौके पर दुर्गाप्रताप सिंह, सतीश कुमार, डॉ. आदित्य राय आदि मौजूद रहे।