रामपुर थाना के ढिलई फिरोजपुर में बारात से लौट रही बोलोरो खाई में पलटी।संवाद
रामपुर थाना क्षेत्र के मधुबन बेल्थरा रोड मुख्य मार्ग पर स्थित ढिलई फिरोजपुर गांव के पास सोमवार की भोर में बरातियों से भरी बोलेरो खाई में पलट गई। हादसे में पिता, पुत्र और बेटी सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव भेजवाया। हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रविवार की शाम घोसी कोतवाली क्षेत्र के कदियापुर गांव से बलिया जिले के उभाव थाना क्षेत्र के अखोप गांव में बारात गई थी। सोमवार की भोर में करीब एक बजे एक बोलेरो तीन बच्चों सहित आठ बरातियों को लेकर कदियापुर के लिए निकली थी। ढिलई फिरोजपुर गांव में चालक को झपकी आ गई। बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई।
ये लोग हुए घायल
हादसे में गाजीपुर जिले के भदेसर निवासी अर्जुन (25), अंकिता (12) पुत्री अर्जुन, आर्यन (9) पुत्र सीता, अनामिका (7) पुत्री अर्जुन, कोपागंज निवासी पिंटू (29) पुत्र हरिवंश, पिढ़वल निवासी रमाशंकर (40) पुत्र लहरी, कदियापुर निवासी संतोष (21) पुत्र हरिवंश और घोसी कस्बा निवासी चालक मुरली गंभीर रूप से घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने चालक मुरली, अनामिका और आर्यन को रेफर कर दिया।
सड़क दुर्घटना में गार्ड सहित तीन घायल
मधुबन थाना क्षेत्र के तिनहरी गांव के पास सोमवार की सुबह बाइक और साइकिल की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। बलिया जिले के भीमपुरा निवासी दो किशोर बाइक से मधुबन की ओर जा रहे थे। तभी तिनहरी गांव के पास सामने से आ रहे साइकिल सवार हकारीपुर निवासी गार्ड रामगृह (55) को टक्कर मार दिए। दुर्घटना में तीनों घायल हो गए। लोगों ने एंबुलेंस से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव भेजवाया। वहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।