दोहरीघाट। सरकार की तरफ से शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ विभागीय लापरवाही से नहीं मिल रहा है। स्थानीय नगर पंचायत के मल्लाह टोला में डूडा द्वारा 18 वर्ष पूर्व लाखों से शुरू किया गया विवाह घर का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है।
हालत यह है कि वहां शाम होते ही अराजकतत्वों का जमावड़ा होता है। नगरपंचायत के लोगों ने शिकायती पत्र भी दिया, लेकिन विभाग ने ध्यान नहीं दिया। डूडा की तरफ से नगर पंचायत के मल्लाह टोला में 18 वर्ष पूर्व 10 लाख से विवाह घर का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। विभागीय उदासीनता से निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जा सका है। कार्यदायी संस्था की तरफ से विवाह घर की दीवार खड़ी कर दी गई है लेकिन छत की ढलाई नहीं हुई है।
देखरेख के अभाव में दीवार जर्जर हो गई है। नगर पंचायत वासियों के अनुसार विवाह घर का निर्माण अधूरा होने से कस्बा सहित आसपास के लोगों को शादी विवाह सहित अन्य कार्यक्रम के लिए निजी प्लाजा और होटल में भारी भरकम धनराशि खर्च करनी पड़ती है।
इस संबंध में नगर के महेंद्र साहनी, मुन्ना साहनी, सभासद मनोज जायसवाल, श्रीप्रकाश सोनकर, संदीप मद्धेशिया का कहना है कि 18 वर्ष पूर्व नगर पंचायत में विवाह घर का निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जा सका है। डूडा कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन मामले को लटका दिया गया है। विभाग की तरफ से उचित देखरेख के अभाव में दीवार जर्जर हाल में हो गई है। निर्माण कार्य अविलंब शुरू नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।