मऊ। जिले के तीन तहसीलों के 150 गांवों को जोड़ने वाली छह सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा, इसको लेकर शासन ने 4.27 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इससे करीब एक लाख की आबादी को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
यह सड़कें एक दशक से भी ज्यादा समय समय से बदहाल थी। विभागीय अधिकारियो की माने तो बजट स्वीकृत होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जहां 15 फरवरी के बाद इसको लेकर काम शुरू कर दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क याेजना के तहत सदर तहसील के कोपागंज-नौसेमर मार्ग, घोसी तहसील की सियरही-बर्जला मार्ग, टेघना-भीटा मार्ग, माऊरबोझ-हाजीपुर मार्ग शामिल है। इसीक्रम में मधुबन तहसील की फतेहपुर-चंदापार मार्ग और सिपाह-सउनी मार्ग शामिल है।
34.7 किमी लंबी यह सभी छह सड़कें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत एक दशक से भी ज्यादा समय से बनी है, बीच में एक बार भी मरम्मत न होने से वर्तमान में यह सड़कों पर हर दो फीट पर गहरे गढ़डे बने हुए है। लेकिन नए साल पर पूर्व में भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने स्वीकृति दे दी है।
इसके तहत अब इन सड़कों को नवीनीकरण का कार्य 4 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इन सड़कों के नवीनीकरण से तीनों तहसीलों के लगभग 150 से अधिक गांव के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
प्रधानमंत्री सड़क ग्राम योजना के सहायक अभियंता प्रदीप कटियार ने बताया कि तीन तहसीलों की छह सड़कों के लिए बजट मिल गया है, टेंडर प्रक्रिया चल रही है। पांच साल के मेंटेनेंस के लिए भी बजट मिला है। 15 फरवरी के बाद से काम शुरू होने की संभावना है।