बोझी। सरकार की तरफ से सामूहिक बैठकों, सामाजिक आयोजनों और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए बड़रांव ब्लॉक क्षेत्र में बना सामुदायिक भवन का निर्माण ग्रामीणों के लिए अनुपयोगी साबित होता नजर आ रहा है।
बड़रांव ब्लॉक में वर्ष 2011 में करीब साढ़े 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित अंबेडकर सामुदायिक भवन (सामुदायिक मिलन केंद्र) देखरेख के अभाव में खंडहर में तब्दील हो चुका है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ब्लॉक के बनकरा खुर्द, कलवार, अतरसावा, हरधौली, पलिया, महमूदपुर, उमरपुर, सरबसपुर समेत करीब 10 गांवों में इन भवनों का निर्माण कराया गया था।
उद्देश्य था कि ग्रामीण यहां ग्राम पंचायत की बैठकें, सुख-दुख के कार्यक्रम और अन्य सार्वजनिक आयोजन कर सकें। इस संबंध में गुलाब सिंह, राम सिंह, सत्य प्रकाश राय, संजय सिंह पटेल, रामप्यारे यादव, गणेश यादव, शुभम राय, सचिन राय, अनूप राय, रामवीर चौहान, रामराज मौर्य और मनोज यादव का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर बना सामुदायिक भवन का निर्माण विभागीय उदासीनता के चलते बेकार साबित हो रहा है। पंचायत भवन, पुस्तकालय या अन्य सामाजिक कार्यों के उपयोग में लाया जाए।
इस बाबत बीडीओ धर्मेंद्र यादव का कहना है कि मामले को संज्ञान में लेकर भवन की साफ-सफाई और मरम्मत के साथ उसे उपयोग में लाने के लिए प्रयास किया जाएगा।