हलधरपुर थाना क्षेत्र स्थित चद्रां शंकर पब्लिक स्कूल में पानी की टंकी में गार्ड का शव मिलने क
हलधरपुर, मऊ। स्थानीय थाने से 500 मीटर दूर स्थित चंद्रा शंकर पब्लिक स्कूल की छत पर पानी की टंकी में शनिवार शाम गार्ड शैलेंद्र शर्मा (25) का शव मिलने से सनसनी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेजवा दिया। स्कूल में तैनात गार्ड शुक्रवार शाम से ही लापता था। हलधरपुर गांव निवासी शैलेंद्र शर्मा गांव के चंद्रा शंकर पब्लिक स्कूल में गार्ड था। रोज की तरह शुक्रवार की शाम पांच बजे स्कूल के लिए निकला। लेकिन शाम को खाना खाने घर नहीं आया। अगली सुबह भी घर नहीं पहुंचा तो परिजन तलाश में स्कूल पहुंचे, लेकिन वहां भी वो नहीं मिला, फोन बंद था। शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद शाम को गांव के ही कुछ युवक खोजबीन करते हुए शनिवार की शाम सात बजे स्कूल की दूसरी मंजिल पर पहुंचे। वहां 1000 लीटर की दो पानी की टंकिया थीं और दोनों बंद थीं। एक टंकी की ढक्कन पर तीन ईंटें रखी थीं जबकि दूसरी टंकी पर ईंटें नहीं थीं। ग्रामीणों ने ढक्कन खोला उसमें शैलेंद्र का शव तैरता दिखा। उन्होंने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने पहुंचकर जांच की और शव को बाहर निकालकर पंचनामा कराया। पुलिस ने काफी देर तक स्कूल में लगे सीसी फुटेज खंगाले। शैलेंद्र 22 अगस्त की शाम 7:30 बजे दूसरी मंजिल की छत पर जाते दिखा, उसके बाद वो नीचे नहीं आया। तीन भाईयों में सबसे छोटा था, उसकी शादी नहीं हुई थी।
-
इनसेट -
हत्या की ओर इशारा कर रही पानी की बंद टंकी
पानी की टंकी का बंद ढक्कन शैलेंद्र की हत्या की ओर इशारा कर रहा है। पिता दामोदर शर्मा ने बताया कि तीन साल पहले भीषण सड़क दुर्घटना में बेटे का एक पैर बुरी तरह टूट जाने से चलने फिरने में परेशानी होती थी। शैलेंद्र का 1000 लीटर की पानी की टंकी में खुद से जाना संभव नहीं था। पुलिस के बयान में पिता ने बताया कि उनका बेटा 22 अगस्त की शाम हाफ पैंट और टीशर्ट पहनकर घर से निकला। लेकिन घटनास्थल से पुलिस को टीशर्ट नहीं मिली।
-
इनसेट -
प्रबंधक बोले- दो दिन से छुट्टी पर था गार्ड
चंद्रा शंकर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सचिन कुमार यादव ने बताया कि गार्ड शैलेंद्र की ड्यूटी दोपहर एक बजे से शाम को सात बजे तक थी। वो दो दिन से छुट्टी पर था। 22 अगस्त की शाम छह बजे घर से निकलने के बाद फोन भी किया था, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। सीसी कैमरे में वो छत पर जाते दिख रहा है।
वर्जन -
स्कूल के सीसी फुटेज में शैलेंद्र अकेले छत पर जाते दिख रहा है। पानी की टंकी का बंद मिलने संदिग्ध है। शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
- धीरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, हलधरपुर