घोसी नगर पंचायत में रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव मिलने पर लगी भीड़। संवाद
घोसी नगर पंचायत क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास सोमवार की सुबह राजेश गोंड़ (40) का शव मिला। उनके हाथ में पॉलिथीन में रखा कफन था, जो लोगों के लिए हैरानी का विषय बना रहा।
आसपास के लोगों का कहना था कि गर्मी के कारण यहां गिरकर मौत हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने की सूचना पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी दौरान घोसी कोतवाली क्षेत्र के कपड़ियाडीह निवासी चंद्रिका गोंड़ भी पहुंचे। शव उनके ममेरे भाई ताजपुर नदवासराय निवासी राजेश गोंड़ का था, जिसकी उन्होंने पहचान की।
बताया गया कि राजेश राजगीर मजदूर का काम करते थे। कुछ ही देर में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंच गए। पूछताछ में भाई सोनू गोंड़ ने बताया कि मखदुमपुर में उनके एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी।
राजेश वहीं कफन लेकर निकले थे, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। रातभर उनकी खोजबीन की गई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। उन्होंने बताया कि राजेश दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी दो बेटियां और दो बेटे हैं।
प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि राजेश के गांव वालों के अनुसार वह शराब पीने के आदी थे। नशे और गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी से मौत होने की आशंका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।