रतनपुुुरा (मऊ)। हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा में मंगलवार देर शाम एक बेकाबू बाइक चालक ने लापरवाही में साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। जहां देर रात इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई सुग्गन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात दो पहिया वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के गुलौरी ग्राम पंचायत निवासी सुग्गन ने बताया कि उसका छोटा भाई श्यामबहादूर यादव (55) पुत्र स्व. रामवृक्ष यादव रतनपुरा में एक दुकान पर सेल्समैन का काम करता है। मंगलवार की देर शाम करीब आठ बजे वह दुकान बंद होने के बाद साइकिल से वापस गांव आ रहा था। अभी वह इटैली गांव के पास कुडसर मार्ग के पास पहुंचा था कि पीछे से आ रही बेेकाबू बाइक ने साइकिल में पीछे से टक्कर मारते हुए फरार हो गया। हादसे में साइकिल चालक श्याम बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को रतनपुरा सीएचसी लाकर भर्ती कराया। देर रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। घटना से मृतक की पत्नी सोमारी देवी, पुत्र यशपाल (25), शिशुपाल (10), पुत्री नीतू (16) का रो रोकर बुरा हाल है।