कोपागंज थाना क्षेत्र के भरथिया कादीपुर गांव में आरोपी के घर कुर्की का नोटिस चस्पा करने पहुंची पुलिस टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। कार्रवाई के डर से दिनेश कुमार मौर्य पहले ही संपत्ति बेचकर गांव से भाग गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि भरथिया कादीपुर गांव निवासी दिनेश कुमार मौर्य को जुआ खेलने के मामले में वर्ष 2020 में आरोपी बनाया गया था। मामला न्यायालय में चल रहा था। नोटिस के बाद भी वह हाजिर नहीं हुआ।
कार्रवाई करते हुए न्यायालय से गिरफ्तारी के लिए वारंट और कुर्की का नोटिस चस्पा करने का आदेश मिला था। आदेश का अनुपालन कराने के लिए बीते 26 मार्च को उपनिरीक्षक अमितेश मिश्र अपनी टीम के साथ उसके घर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ साल पहले ही वह मकान और जमीन बेचकर चला गया है। टीम ने ग्रामीणों को कुर्की की कार्रवाई से अवगत कराया और उसकी सूचना मिलने पर तत्काल उन्हें या न्यायालय को अवगत कराने को कहा।