दोहरीघाट (मऊ)। थाना क्षेत्र के नई बाजार के पास फोर लेन के लिए निकाली गई मिट्टी के चलते बन गए गढ्ढे में भरे पानी में डूबकर 14 साल के एक किशोर की शुक्रवार को मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ घाघरा नदी में आई बाढ़ को देखने गया था। गोताखोरों की मदद से डूबे हुए किशोर को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
थाना क्षेत्र के नई बाजार निवासी रोशन सोनकर पुत्र संजय सोनकर अपने दोस्तों के साथ नयी बाजार के समीप फोर लेन के किनारे पर घाघरा नदी में आई बाढ़ देखने के लिए गया था। फोर लेन के किनारे नदी में आई बाढ़ का पानी भरे होने से किनारे की मिट्टी पर खड़े रोशन का पैर अचानक फिसल गया और देखते देखते वह गहरे पानी में चला गया। जब तक उसके साथी चिल्लाकर लोगों को मदद के लिए बुलाते, तब तक वह गहरे पानी में डूब गया।
घटना की सूचना पाकर आनन फानन में मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सच्चिदानंद यादव ने स्थानीय गोताखोरों के मदद से गहरे पानी में डूबे रोशन को काफी खोजबीन करने बाद बाहर निकलवाया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पानी में डूबकर हुई बडे बेटे की मौत से पिता संजय सोनकर और उसकी मां का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।