मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के करहा बाजार में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग, विजिलेंस और जीएमआर कंपनी की संयुक्त टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। हंगामे और नोकझोंक के बाद टीम को बिना कार्य पूरा किए वापस लौटना पड़ा।
टीम ने कुछ स्थानों पर मीटर लगाए, लेकिन राजपूताना टोला पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि विभाग बिना उपभोक्ताओं की सहमति के मीटर लगा रहा है। उन्होंने आवश्यक केबल और तकनीकी व्यवस्थाएं पहले सुनिश्चित करने की मांग की।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारी मीटर लगाकर चले जाते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अपने खर्च पर केबल और अन्य कार्य कराने पड़ते हैं। ग्रामवासी अंजनी सिंह ने बताया कि उनकी अनुपस्थिति में, जब घर पर केवल महिलाएं थीं, तब कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर लगा दिया।
कुछ अन्य लोगों ने भी परिवार के सदस्यों की गैरमौजूदगी में मीटर घर के मुख्य द्वार और बाहरी हिस्सों में लगाए जाने का आरोप लगाया। विरोध बढ़ने पर अधिकारियों और लोगों के बीच तीखी बहस हुई। स्थिति को देखते हुए टीम को कार्य बीच में ही छोड़कर वापस लौटना पड़ा।
जमुई विद्युत उपकेंद्र के एक कर्मचारी ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान विरोध और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हुई थी।