उत्तर प्रदेशीय शिक्षक संघ के तत्वावधान में शनिवार को नगरपालिका कम्युनिटी हाल में समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी और एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का फूलमालाओं से स्वागत किया गया।
साथ ही शिक्षकों, शिक्षामित्रों और रसोइयों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड योजना शुरू किए जाने के साथ ही शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी परीक्षा कराए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आदर्श शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बलिराम चंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित शिक्षामित्रों की विभिन्न मांगों का ज्ञापन एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती कंपोजिट विद्यालय गोकुलपुरा की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। इस मौके पर ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के विशेष प्रयास से मुख्यमंत्री द्वारा विशेष टीईटी परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी ने कहा कि एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह शिक्षक की समस्या होने पर वह मुख्यमंत्री से मिलकर उसका निराकरण कराते हैं। शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए वह हमेशा खड़े रहते हैं।
समारोह को जिलाध्यक्ष नित्यप्रकाश यादव, ब्रह्मानंद सिंह, यशपाल सिंह, अरविंद अंचल आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षामित्रों ने एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर बलिराम चंद्र सिंह ने कहा कि विभागीय टीईटी परीक्षा में शिक्षकों के साथ शिक्षामित्रों को भी शामिल किया जाए। टीईटी परीक्षा में शिक्षकों और शिक्षामित्रों को अनुभव के आधार पर वेटेज दिलाया जाए। शिक्षामित्र स्थानांतरण समायोजन की प्रक्रिया शीघ्र की जाए।