मऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में धरना दिया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित 16 सूत्री ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष जय नारायण द्विवेदी ने कहा कि पुरानी पेंशन को बहाल किया जाए। वित्तविहीन शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन तथा नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा दी जाए। जिन शिक्षकों का विनियमितीकरण नहीं हुआ है, उनको यह सुविधा दी जाएगी। एनपीएस से आच्छादित शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन से की गई कटौती के अंशदान का रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उत्तर प्रदेश राज्य कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष डीबी तिवारी ने कहा कि सामूहिक बीमा 2014 से बंद है । इसको पुनः चालू किया जाए। माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत कंप्यूटर एवं व्यवसायिक शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा दिया जाए। शिक्षक एकता ही संगठन को मजबूत बनाता है। ऐसी स्थिति में सभी शिक्षकों को एकजुट होकर पुरानी पेंशन की बहाली के लिए सरकार से मांग करनी चाहिए ।
धरने को हरिनाथ सिंह, दीनदयाल राय, ऋषिकेश पांडेय, सूर्य प्रकाश राय, शशिकांत पांडेय, सत्य प्रकाश राय, राजेश यादव, धनंजय सिंह, मनोज कुमार सिंह, संजय उपाध्याय, उपेंद्रपति पांडेय आदि ने संबोधित किया। धरने का संचालन रामानंद यादव ने किया।