परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 29334 गणित विज्ञान शिक्षक भर्ती मामले में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी करने की प्रक्रिया रविवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शुरू हुई।
लेकिन विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शिक्षकों ने उनकी पदोन्नति के बाद प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पाकर सिटी मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़कर परिसर से बाहर किया। देर शाम तक परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा।
वर्ष 2014 में विभाग की ओर से विज्ञान गणित शिक्षक भर्ती के क्रम में 330 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी करने के लिए शासन की ओर से 21 सितंबर तक समय सीमा तय की गई है। नियुक्ति पत्र जारी न होने से अभ्यर्थी लगातार दो दिन से आंदोलनरत थे।
विभाग की ओर से अवकाश के बाद भी रविवार को प्रक्रिया पूर्वाह्न लगभग 10 बजे शुरू हुई। इस बीच विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शिक्षकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि काफी संख्या में शिक्षकों की पदोन्नति नहीं हुई है जबकि सीधी भर्ती के तहत नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है जो गलत है।
सरकारी कार्य में बाधा पहुंचने पर बीएसए की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों की झड़प हुई। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि हाईकोर्ट के आधार पर प्रक्रिया शुरू की गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच प्रक्रिया शुरू हुई। महिला अभ्यर्थियों से विद्यालय का विकल्प मांगा गया। देर शाम तक प्रक्रिया चल रही थी। अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र पाने का इंतजार करते रहेे। नियुक्ति पत्र कब तक मिलेगा विभागीय अधिकारी बताने को तैयार नहीं थे।
गौरतलब है कि शनिवार को परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 29334 गणित-विज्ञान शिक्षक भर्ती मामले में नियुक्ति पत्र न मिलने के विरोध में अभ्यर्थियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। साथ ही बीएसए के कार्यालय पर न मिलने पर गुस्साए अभ्यर्थियों ने जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर काफी देर तक शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।