उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपनी भड़ास निकाली। साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट अमृत लाल साहू को मांगों के बाबत ज्ञापन सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मुखलाल यादव ने कहा कि संघ उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में कार्य करने वाले डेढ़ लाख शिक्षकों और कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2012 में पार्टी के घोषणा पत्र में विद्यालयों को अनुदानित कराने का वादा किया था। लेकिन आज तक वह वादा पूरा नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में किए गए वादे के अनुसार स्थायी मान्यता प्राप्त स्ववित्तपोषित जूनियर हाईस्कूलों को वेतन वितरण अधिनियम 1978 के अन्तर्गत अनुदान सूची में लिया जाय। उन्होंने मांग की कि वर्ष 2006 में अनुदानित शिक्षकों और कर्मचारियों जिनकी नियुक्ति अप्रैल 2005 से पूर्व की है उनकी पुरानी पेंशन योजना लागू की जाय।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के महामंत्री मनिराम यादव ने कहा कि 22 वर्ष सेवा पूर्ण करने वाले सभी शिक्षकों को प्रोन्नति वेतनमान दिया जाए। लिपिक एवं परिचारकों को अर्ह होने पर सहायक अध्यापक और लिपिक पद पर पदोन्नति की व्यवस्था की जाय।निलंबर की अवधि माध्यमिक की भांति 60 दिन की सीमा में निहित की जाए। धरने के दौरान मुख्य रूप से अवधेश कुमार राय, अवधेश कुमार मिश्र, सहजानंद सिंह, भृगुनाथ सिंह आदि मौजूद रहे।