पब्लिक बालिका इंटर कालेज के मैदान पर आजमगढ़ मंडल के 21वें मंडलीय माध्यमिक युवा क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंम्भ हुआ, मऊ, बलिया व आजमगढ़ जनपद के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। सबसे पहले सिनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ कराई गई। इसमें मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना के टाउन इंटर कालेज के छात्र सुनील राजभर ने मंडल में पहला स्थान प्राप्त किया। मऊ के ही मनोज यादव ने दूसरा व आजमगढ़ के देवेन्द्र ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके आलावा 800 मीटर जूनियर बालक वर्ग में मेजबान जनपद मऊ के प्रभुनाथ चैहान ने प्रथम और बलिया के आशुतोष राय को दूसरा स्थान मिला। 600 मीटर सब जूनियर बालक वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में मऊ के राकेश यादव व सिंहासन चैहान को क्रमश: पहला व दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।
लम्बी कूद सिनियर बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में मऊ की कलावती ने मंडल में पहला स्थान प्राप्त किया । इसके आलावा आजमगढ़ की रिंकी यादव को दूसरा स्थान मिला। गोला क्षेपण सब जूनियर बालिका वर्ग में बलिया की छात्रा कोमल सोनी पहले स्थान पर रहीं जबकि आजमगढ़ की शिखा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
800 मीटर सिनियर बालिका वर्ग में आजमगढ़ की करूणा सिंह ने प्रथम और मऊ की रीता पाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर बालिका जूनियर वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में आजमगढ़ की रानी राय ने पहला व मऊ की आरती राजभर ने मंडल में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके पूर्व जिलाधिकारी के यहां पहुंचने पर पब्लिक बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना व नृत्य आदि पेश कर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन के सर्वांगीण विकास के लिये शिक्षा के साथ ही खेलकूद भी अनिवार्य है। दूसरों की जीत पर बधाई देना चाहिए तो अपनी हार पर मनन कर कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाना चाहिये।
सीडीओ गिरिजेश त्यागी ने छात्र छात्राओं से जीवन में आचार, विचार, व्यवहार व संस्कार का स्तर उंचा रखने की बात कही। कहा कि हार व जीत दोनों का ही महत्व है।
इस दौरान उपजिलाधिकारी डॉ. आरडी पांडेय, प्रबंधक सल्लू, प्रधानाचार्य राजिया रहमान, शेख अब्दुल्लाह, शेख राशिद सहित तमाम ़लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जनपद क्रीड़ा सचिव शमा शेख किया।