मऊ। जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी एआई प्रज्ञा के जरिए डिजिटल माध्यम से तकनीकी रूप से दक्ष होंगे। इन्हें कई निजी कंपनियां तकनीकी में दक्ष बनाएंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी राजकीय माध्यमिक विद्यार्थियों के प्रधानाचार्य को निर्देश जारी किया है।
जिले में 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त, 436 मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में लगभग 2.50 लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। लेकिन जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को एआई प्रज्ञा के जरिए डिजिटल माध्यम से तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसके लिए छात्रों को पंजीकरण कराना होगा।
पंजीकृत होने के बाद विद्यार्थी एआई स्किल और उसकी एप्लीकेशन सीखेंगे। इन विद्यार्थियों से स्कूल कोड के साथ एआई प्रज्ञा के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स और फैकल्टी डवलपमेंट कार्यक्रम का लाभ दिया जाएगा, इससे वह तकनीकी दक्षता (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) से जुड़ी जानकारी हासिल करेंगे।
अधिकारियों की मानें तो एआई प्रज्ञा के तहत ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को ऑल इंडिया काउंसिल फाॅर टेक्निकल काउंसिल की तरफ से रोबोटिक्स, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, क्लाउड कंप्यूटिंग और ऑटोमेशन की गतिविधि सीख कर तकनीकी निपुणता हासिल करेंगे।