मधुबन। थाना क्षेत्र के मीरपुर ताड़ी में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने गांव के स्कूल के समीप के पोखरे में एक किशोर का शव उतराया देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान बनपोखरा के रहनेवाले 15 वर्षीय फैसल के रूप में हुई। वह एक दिन पहले घर से गायब था। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
बनपोखरा निवासी फैसल उर्फ नौशाद पुत्र जुल्फकार कक्षा 7 वीं का छात्र था। वह मीरपुर ताड़ी स्थित श्री ईशू आश्रम मीरपुर में पढ़ाई करता था। वह शनिवार की भोर में घर से निकला और देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार के लोग आसपास, सगे संबधियों के यहां खोजबीन शुरू किए। काफी खोजबीन के बाद रविवार सुबह जिस स्कूल में वह पढ़ता था उसी के समीप स्थित पोखरे में उसका शव उतराया मिला। यह देख परिजन दहाड़े मारकर रोने बिलखने लगें। परिजनों को रोते बिलखते देख सैकड़ों ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरे से बाहर निकाला। सभी आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मृतक अपने पांच भाई आशीफ, इमरान, अरमान व शमीम में सबसे छोटा था। मृतक के पिता गुजरात स्थित निजी कंपनी में नौकरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। मृतक के भाई अरमान ने मौत के कारणों का पता लगाने को लेकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।