जिला अस्पताल के ओपीडी में रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लगी लोगों की भीड़।संवाद
- फोटो : अमर उजाला
बढ़ती गर्मी का असर अब लोगों की आंखों पर भी दिखाई देने लगा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आंखों की नमी तेजी से सूख रही है, जिससे आंखों में खुजली, जलन, लालिमा और दर्द जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में इन दिनों ड्राई आई सिंड्रोम की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या में लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। जांच में कई मरीजों में आंखों में संक्रमण भी पाया जा रहा है।
वातावरण में बढ़ती गर्मी, तेज धूप, गर्म हवा और प्रदूषण मिलकर आंखों को प्रभावित कर रहे हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों में यह समस्या अधिक देखी जा रही है। जब गर्म हवाएं आंखों के संपर्क में आती हैं तो आंसुओं की परत तेजी से सूखने लगती है।
जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एमके पांडेय ने बताया कि गर्मियों में आंखों की नमी तेजी से कम हो जाती है, जिससे ड्राई आई और एलर्जी की समस्या बढ़ जाती है। तेज धूप और लू के संपर्क में आने से आंखों की सतह प्रभावित होती है, जिससे जलन और चुभन जैसी परेशानियां होती हैं। उन्होंने बताया कि कई मरीज बिना चिकित्सकीय सलाह के आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल कर लेते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है।