दिवाली, लक्ष्मी पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को दोहरीघाट थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
सत्येंद्र भूषण तिवारी ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से मिल-जुलकर त्योहार मनाने और अफवाहों व विवादों से बचने की अपील की। प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों और नियमों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों और प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही डीजे बजाने का निर्देश दिया। उन्होंने ध्वनि की निर्धारित सीमा का पालन करने और अश्लील या भड़काऊ गाने नहीं बजाने की चेतावनी दी। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पूजा समितियों और आयोजकों से प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।