बोझी-दोहरीघाट। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिउटीडाड़ गांव रामनगर मोड़ पर शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर के कुचलने से सूरज यादव (19) और उनकी मां बिंदु यादव (40) की मौत हो गई।
ट्रेलर के पहियों के नीचे आने से सूरज का शरीर दो हिस्से में कट गया। दुर्घटना के बाद चालक मौके पर ट्रेलर छोड़कर भाग गया। सूरज के चाचा धर्मेंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मां-बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वहां से 10 किमी दूर बेलवा गांव में मातम पसर गया।
गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी सूरज अपनी मां बिंदु को बाइक से लेकर आजमगढ़ के एक अस्पताल में दवा कराने जा रहे थे।
शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे जैसे ही वे चिउटीडाड़ गांव स्थित रामनगर मोड़ के पास पहुंचे, वैसे ही आजमगढ़ की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए। रफ्तार अधिक होने के कारण चालक ट्रेलर को नियंत्रित नहीं कर पाया और दोनों पहियों के नीचे आ गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने ट्रेलर का पीछा किया, लेकिन खुद को घिरता देख कुछ दूरी पर ट्रेलर छोड़कर चालक भाग गया।
टक्कर की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह एंबुलेंस के साथ पहुंचे और पंचनामा के लिए शवों को थाने ले गए। चाचा धर्मेंद्र यादव ने बताया कि सूरज के पिता राजकुमार यादव विदेश में रहते हैं। दो भाइयों में बड़े थे।
मृतक सूरज यादव
मृतक सूरज यादव