रतनपुरा (मऊ)। हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुहवा मोड़ पर राजमार्ग पर रविवार की रात के लगभग 2:30 बजे बलिया से मऊ की तरफ जा रही तेज रफ्तार पिकअप में चालक को अचानक झपकी आ गई। जिससे उसकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सामने से आ रही रोडवेज बस में तेज गति से टकरा गई। वाहन की टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज से अगल बगल के घरों में सोए लोग जग गए।
इस घटना में मऊ की तरफ जा रही पिकअप का रुख बदल कर बलिया की तरफ हो गया। इस हादसे में मऊ से बलिया को जा रही रोडवेज बस के ड्राइवर तथा पिकअप चालक दोनों को गंभीर चोटें आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप चालक का पैर टूट गया था। तथा सीने एवं बांह में गंभीर चोटें आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। इस टक्कर में पिकअप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। तो रोडवेज बस का भी दाहिना हिस्सा आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। समाचार लिखे जाने तक बस एवं पिकअप घटना स्थल पर ही थी। बस का लगभग आधा हिस्सा रोड पर तथा पिकअप भी वहीं दाहिने तरफ किनारे पर खड़ी थी। जिसके कारण अन्य वाहनों के आवागमन में परेशानी होती रही।