मऊ। आयकर विभाग की टीम के शनिवार की सुबह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व प्रवक्ता राजीव राय के पुरानी तहसील स्थित आवास पर छापा मारते ही कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं की टीम से नोकझोंक भी हुई। सुबह छह बजे ही आयकर विभाग के अधिकारी गेट खुलवा कर अंदर चले गए और बाहर का गेट बंद करा दिया। बाद में जब कर्मचारी गाड़ी से लैपटॉप वगैरह लेकर आने लगे तो कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक दिया और कहा कि इसकी जांच कराकर अंदर ले जाइए। इसको लेकर कार्यकर्ताओं की टीम से नोकझोंक भी हुई। तब स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई और थोड़ी ही देर में शहर कोतवाल क्षेत्राधिकारी नगर सहित दो ट्रक पीएससी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घर के अंदर से लेकर बाहर तक घेर लिया गया। इस दौरान शहर के चार थानों की फोर्स और पीएसी साथ सीओ सिटी धनंजय मिश्रा मौजूद रहे।
छापे की सूचना पर सैकड़ों सपा नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने आरोप लगाया कि सरकार बौखलाहट में कार्रवाई कर रही है। समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव ने कहा कि राजीव राय की लोकप्रियता से सरकार घबरा गई है। सरकार की खामियां गिनाने वालों को डराने के लिए सरकार ऐसे कदम उठा रही है। इस दौरान पूर्व विधायक बैजनाथ पासवान, पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर, अरशद जमाल, अल्ताफ अंसारी, हेलाल अहमद, मुरलीधर यादव, देवनाथ यादव, रमेश दूबे, राघवेंद्र सिंह घूरा, रविकांत चौेबे, धीरज राजभर, दिलीप पांडेय, अखंड प्रकाश पांडेय, प्रभात राय मौजूद थे।
राजीव राय बोले, यूपी में मेरा कोई कारोबार नहीं
मऊ। राजीव राय ने मीडिया से कहा कि यूपी में उनका कोई कारोबार नहीं है। वह किसी प्रकार का कोई ठेका-पट्टा नहीं करते हैं। वह छापे से डरने वाले नहीं हैं, बल्कि दो गुनी रफ्तार से मऊ के लोगों की मदद में जुट जाएंगे। कहा कि उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मुकदमा नहीं है। उन्होंने गेट के बाहर मौजूद कार्यकर्ताओं से कहा कि ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित करने का मुकदमा दर्ज कर बदनाम करने का अवसर मिल सके। राजीव राय के आवास पर आयकर विभाग के छापे के दौरान चिकित्सकों की एक टीम पहुंची। टीम ने राजीव राय की फिजियोथेरेपी की।
बलिया के रहने वाले हैं सपा नेता
सपा नेता राजीव राय मूलत: बलिया जिले के रहने वाले हैं। उनका बंगलूरू में पैरामेडिकल कालेज और संस्थान हैं। दुबई में भी उनके कुछ कारोबारी प्रतिष्ठान हैं। 2019 में मऊ के घोसी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े थे। इस बार घोसी से ही विधानसभा का चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
सीओ सिटी धनंजय मिश्रा ने बताया कि सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय के नगर स्थित आवास पर आयकर विभाग की टीम छापा मारने पहुंची है। सुरक्षा की दृष्टि से कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी की तैनाती की गई है।