मधुबन से सपा से पर्चा दाखिल करने वाली प्रत्याशी सुमित्रा यादव का नामांकन निरस्त हो सकता है। समाजवादी पार्टी ने रिटर्निंग आफिसर को लिखकर दिया है कि सुमित्रा को पार्टी सिंबल देना रद्द किया जाता है। मधुबन से गठबंधन के तहत कांग्रेस के अमरेश पांडे चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह सदर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा से पर्चा भरने वाले अशोक सिंह का भी पार्टी चुनाव चिह्न का अधिकार पत्र देर से जमा करने पर पार्टी प्रत्याशी के रूप में लड़ना संकट में आ गया है।
जिले में विधान सभा चुनाव के लिए पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया मंगलवार की शाम तीन बजे समाप्त हो गई। इस दौरान चारों विधान सभा से कुल 68 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव ने बताया कि उन्होंने सुमित्रा यादव का पार्टी सिंबल निरस्त करने का पत्र रिटर्निंग आफिसर को सौंप दिया है। इसके अलावा सदर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा से पर्चा दाखिल करने वाले प्रत्याशी अशोक सिंह बुधवार को पार्टी द्वारा चुनाव चिह्न के लिए प्रदत्त एबी फार्म जमा करने के लिए आरओ के पास पहुंचे। रिटर्निंग अधिकारी/ एसडीएम सदर ने देर हो जाने का हवाला देते हुए फार्म लेने से इंकार कर दिया।
रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के मुताबिक राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को पर्चा दाखिल करते समय तक सारे कागजात प्रस्तुत करना होता है।
नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को समाप्त हो चुकी है। ऐसे में बुधवार को फार्म एबी रिसीव नहीं किया जा सकता। वहीं दूसरी तरफ इस बात की जानकारी होने पर भासपा से नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशी महेंद्र राजभर ने जिला निर्वाचन कार्यालय मऊ को फैक्स कर इसमें अशोक सिंह की तरफ से पेश किए गए भाजपा के एबी फार्म को जमा न करने की गुहार लगाई है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी मिथिलेश त्रिपाठी ने बताया कि महेंद्र राजभर के फैक्स को अशोक सिंह की फाइल में संलग्न कर दिया गया है।