थाना क्षेत्र के दरगाह बाजार में निर्माणाधीन नाले से होकर आटाे ले जाने को लेकर विवाद हो गया। चालक ने कुछ मनबढ़ों के साथ मिलकर एक दूकान में घुसकर पूर्व प्रधान के बेटों की पिटाई कर दी।
सरेआम की गई गुंडागर्दी के विरोध में आक्रोशित दूकानदार सड़क पर उतर आए और दोहरीघाट दरगाह मधुबन मुख्य मार्ग जाम कर दिया। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगे।
दरगाह इंटर कालेज के पास गंाव के पूर्व प्रधान लखीचंद गुप्ता की मिठाई और मोबाइल की दूकानें हैं। मिठाई की दूकान पर पूर्व प्रधान का बेटा अभय शंकर और मोबाइल की दूकान पर कौशल बैठता है।
शुक्रवार को लगभग दस बजे ग्राम सभा सिकड़ीकोल निवासी जय प्रकाश सिंह आटो लेकर निर्माणाधीन नाले से होकर गुजरने लगा। पूर्व प्रधान लखीचंद ने नाले के टूटने का खतरा बताते हुए दूसरे रास्ते से ले जाने को कहा।
यह बात आटो के चालक को नागवार लगी । कुछ देर बाद वह अपने कई साथियों को लेकर पूर्व प्रधान की दूकान पर आ पहुंचा और वहा बैठे पूर्व प्रधान के बेेटे कौशल की पिटाई करने लगा।
उसे बचाने का प्रयास कर रहे अभय शंकर की भी दबंगों ने जमकर पिटाई कर दी। सरे बाजार की गई इस दबंगई की चर्चा पूरे बाजार में धीरे धीरे फैल गई।
घटना से नाराज बाजार के दूकानदार अपनी दूकानें बंद कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जिस समय जाम चल रहा था, उसी समय उपजिलाधिकारी मधुबन उसी रास्ते से गुजर रहे थे।
जाम की जानकारी मिलते ही वेे वापस लौट गए। उनके निर्देश पर लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया तब जाकर जाम समाप्त हुआ।
जाम करने वालों में ग्राम प्रधान मनोज वर्मा , लखीचंद गुप्ता, नूर आलम,लालजी, शिवदयाल और गुलाब आदि सैकडा़ें लोग शामिल रहे। इस बावत थानाध्यक्ष परमानंद मिश्र का कहना है कि तहरीर मिल गई है।
आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस गिरफ्तारी करेगी।