मऊ। कोरोना के नये वैरिएंट को लेकर लोगों में सजकता नहीं दिख रही है। स्थिति यह है कि रात में कर्फ्यू का पालन कराया जा रहा है जबकि दिन में सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की काफी भीड़ हो रही है। बाजार सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर लोगों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है। देश में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है फिर भी सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क के ही लोग घूमते दिखाई दे रहे हैं।
शहर के आजमगढ़ तिराहा, रोडवेेज, सदर चौक, मिर्जाहादीपुरा, भीटी, गाजीपुर तिराहा आदि क्षेत्र स्थित बाजारों में काफी भीड़ दिख रही है। इतना ही नहीं लोग बिना मास्क के बेफिक्र घूम रहे हैं। एक तरफ जहां सरकार लोगों को कोरोना से बचाने के लिए कोविड टीकाकरण तथा कोविड प्रोटोकाल का पालन कराने में लगी हैं। वहीं लोगों द्वारा लापरवाही बरतने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। हालांकि कोरोना के नए वैरिएंट से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। इसके लिए 100 बेड का अलग से कोविड एल टू वार्ड टड़ियांव में बनाया जा रहा है। इसके साथ ही 50 से अधिक बेड बाले अस्पतालों को तत्काल आक्सीजन प्लांट से लैस होने का निर्देश दिया गया है। वहीं ओमिक्रान को देखते हुए चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को ट्रेनिंग भी दी जा रही है।
ओमिक्रान के खतरे के बीच प्रदेश सरकार ने यूपी में रात 11 बजे से सुबह के पांच बजे तक नाईट कर्फ्यू लगाया गया है। इसके पालन के लिए गत दिनों खुद एसपी सुशील घुले ने शहर सहित कई स्थानों पर भ्रमण कर इसका पालन सुनिश्चित किया। वहीं किशोरों के टीकाकरण का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एलान के बाद अभिभावक काफी राहत महसूस कर रहे हैं। लेकिन बाजारों में लोगों की भीड़ और सामाजिक दूरी का पालन न किया जाना लोगों के लिए काफी खतरनाक साबित होगा।