अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के गोफ़ा गांव निवासी एक व्यक्ति के छह वर्षीय पुत्र की ट्रैक्टर की चपेट में आकर मृत्यु हो गई। घटना के बाद चालक मय ट्रैक्टर फरार हो गया। बृहस्पतिवार की शाम हुई इस घटना से मृत बच्चे के परिवारीजन का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के अनुसार मृत बच्चा खेलते खेलते दरगाह-अमिला मार्ग पर चला गया था।
घोसी कोतवाली के गोफ़ा गांव निवासी इंद्रतीत के तीन पुत्रों में सबसे छोटा अमर (6) बृहस्पतिवार की शाम साढ़े चार बजे के करीब मां लालसा के साथ शारदा नहर की तरफ गया था। वहां बच्चा समाधि वाले बाबा के स्थान पर खेलने लगा। तभी दरगाह मोड़ की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने बच्चे को धक्का मार दिया। हादसे में घायल बच्चे की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मां सुधबुध खो बैठी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। मृत बालक तीन भाईयों में सबसे छोटा था, उसके बड़े भाई का नाम सूरज (10), दूसरे नंबर पर समर( 8) तीसरे नंबर पर आरती बहन (15) और सबसे छोटा अमर था। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।