मऊ मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र से स्वर्ण व्यवसायी का अपहरण कर नगदी और उसकी दुकान में सोने और चांदी की लूट के मामले में पुलिस ने छह लुटेरों को सोमवार को कलेंडर तिराहे के पास हल्की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूट के 41 हजार रुपये, पांच किलो चांदी, 24 नग सोने के गहने, तीन तमंचे, स्कार्पियों और एल्टो कार बरामद कर लिया। घटना का खुलासा पुलिस अधीक्षक घुले सुशील ने सोमवार को दोपहर बाद पुलिस लाइन सभागार में किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 14 जून को भातको के पास से अमित कुमार वर्मा का स्कार्पियो सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। उसके पास की 54 हजार नगदी और घोसी कोतवाली क्षेत्र में स्थित उसकी दुकान की चाभी बदमाश लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने उसकी दुकान खोल कर सोने चांदी के गहने और नगदी लूट लिया। बदमाशों ने दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। इस घटना के खुलासे के लिए एसओजी, स्वाट, घोसी और मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली की पुलिस को लगाया गया था।
एसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कलेण्डर तिराहे के पास भातकोल तिराहे से मुहम्मदाबाद जाने वाली रोड पर चेकिंग की गई। इस दौरान घोसी की तरफ से स्कार्पियों और अल्टो कार आते दिखाई दी।पुलिस ने वाहनों को रुकने का इशारा किया तो कार सवारों ने पुलिस पार्टी पर फायर करते भागने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को घेर कर उसमें सवार छह लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों में विष्णु चौरसिया निवासी सलेमपुर, श्यामकरन यादव निवासी रसूलपुर घोसी, सुधीर यादव निवासी भटौली, राजन यादव निवासी भेलउरचंगेरी, हरिलाल राजभर निवासी देइस्थान, सत्यानन्द वर्मा निवासी हमीरपुर हैं। इनके पास से पुलिस ने इनके पास से लूट के 41 हजार रुपयेे, 5 किलो चांदी, 24 नग सोने के गहने, तीन तमंचे , कारतूस ,स्कार्पियों और एल्टो कार बरामद कर लिया। बदमाशों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में स्वाट टीम प्रभारी
निरीक्षक राजेश प्रसाद यादव एसओजी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्र मुहम्मदाबाद कोतवाल निरीक्षक नीरज पाठक घोसी कोतवाल संजीव दूबे और पुलिस कर्मी थे। पुलिस अधीक्षक ने लुटेरों को गिरफ्तार करने वाली टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।