कोपागंज ब्लाक के खुखुंदवा में बीस दिन में छह लोगों की मौत हो चुकी है। बीस फीसदी आबादी सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित है। हालांकि इनमें से एक की ही मौत कोरोना से होने की पुष्टि ग्राम प्रधान और एडीओ पंचायत ने की है। बावजूद इसके गांव में न तो सैनिटाइजेशन किया गया है और न ही नियमित सफाई की जा रही है।
खुखुंदवा में बीस दिन में छह लोगों की मौत और बीस फीसदी लोगों के बीमार होने से लोग सहमे हैं। लोगों ने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया हैं। सभी मास्क और सैनिटाइजेशन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बीच गांव में संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजेशन का भी कार्य नहीं कराया जा सका है, और न ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची है। खुखुंदवा गांव जिला मुख्यालय से आठ किलोमीटर दूर गोरखपुर वाराणसी हाइवे के किनारे स्थित है। ग्राम पंचायत की आबादी करीब तीन हजार है। गांव में अब तक छह लोगों की मौत बुखार, सांस एवं सर्दी जुकाम सहित विभिन्न बीमारियों से हो चुकी है। गांव की 20 प्रतिशत आबादी बुखार, सर्दी जुकाम सहित विभिन्न बीमारियों से ग्रसित है लेकिन जानकारी का अभाव होने से लोग जांच कराने से कतरा रहे हैं। गांव में अंध विश्वास भी फैला हुआ है। यहां की महिलाएं कोरोना माई की पूजा करती नजर आ रही हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रवीण राय तथा एडीओ पंचायत शीत कुमार सिंह का कहना था कि एक व्यक्ति की कोरोना बीमारी से मौत हुई थी। बाकी मौतें कैसे हुई इसकी जानकारी हम लोगों को नहीं है। गांव में नियमित दवा का छिड़काव और सफाई कराया जा रहा जा रहा है।
कोट
खुखुंदवा गांव में एक मरीज की कोरोना से मौत हुई थी। अन्य की मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी नहीं है। गांव में मेडिकल टीम जाती रहती है। संदिग्धों को दवा किट वितरित की गई हैै।- डॉ. अनिल, सीएचसी