सरायलखंसी थाना क्षेत्र के वनदेवी धाम पर रखी दूकानों में गुरुवार की रात लगभग एक बजे अचानक आग लग गई। इसमें 15 से अधिक दूकानें जलकर राख हो गईं।
आग इतनी विकराल हो गई कि आसपास गांव के लोगों को मौके पर जुटना पड़ा। ग्रामीणों की मदद से फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।
वनदेवी धाम पर गेट से लेकर कुछ दूरी तक 15 से अधिक दुकानें प्रसाद, नारियल, चुनरी, कैलेंडर, किराना, मिठाई की हैं। गुरुवार की रात सभी दूकानदार अपनी दूकान बंद कर घर चले गए, वहीं कुछ पास में ही सोए थे।
रात एक बजे अचानक एक दूकान में आग की लपटें उठी, तो पुजारी की नींद खुली। लेकिन आग ने हवा के झोंके से इतना तेज रौद्र रूप दिखाया कि देखते ही देखते आसपास की सभी दूकानों में आग फैल गई।
रात में वनदेवी धाम पर लगी आग को देखकर आसपास गांव के लोग भी इकट्ठा हो गए। 100 नंबर डायल करके लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
रात में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। आग से रवींद्र यादव, प्रमोद कुमार, सूर्यभान यादव, सिद्धू पासवान, मुकेश यादव, सदन पाल, विक्रम यादव, बैजनाथ पाल, लालबहादुर राजभर, विशून यादव, शिवबसंत गोड़, शिवप्रसाद गोड़, अनिल यादव की दूकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख गया। आग किन कारणों से लगी इसका पता नहीं लग सका।