मऊ। जिला प्रशासन के निर्देश पर रविवार को साप्ताहिक बंदी के दिन रविवार को जिले में दुकानें पूर्णतया बंद रहीं। शहर की सभी सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि प्रशासन ने रविवार को रेहड़ी वालों को कारोबार करने की अनुमति दी है, लेकिन सोमवार को होने वाली ईद के मद्देनजर वह भी नजर नहीं आए। बंदी को देखते हुए ईद की खरीदारी एक दिन पहले ही कर ली गई थी।
प्रशासन ने इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रानिक, केराना, सब्जी, फल, बिल्डिंग मटेरियल, प्लबंरिंग की दुकानों को रोजाना सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक खोलने का आदेश दे रखा है। जबकि दवा की दुकानें सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक खुल रहीं। शेष कपड़े, बर्तन, बिसाता, फुटवियर की दुकानों के दिन तय किए गए हैं। रविवार को साप्ताहिक बंदी रखी गई है। जबकि इसी दिन सड़कों के किनारे रेहड़ी लगाने वालों को अनुमति दी गई है। शहर के भीटी से लेकर मुसरदह, गाजीपुर तिराहा, सहादतपुरा, बाल निकेतन, सदर चौक से लेकर मिर्जा हादीपुरा तक की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।