प्रतिबंध के बाद नगर स्थित सब्जी मंडी में चेकिंग अभियान चलाते नगर पालिका कर्मचारी और अधिकारी।
- फोटो : mau
नगर में पॉलिथीन पर रोक की शुरुआत सोमवार से हो गई। नगर पालिका प्रशासन ने चेकिंग अभियान चलाते हुए दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान सात किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की। हालांकि टीम ने पहले दिन दुकानदारों पर कोई जुर्माना नहीं लगाते हुए चेतावनी देकर छोड़ दिया। कहा कि अगली बार पकड़े गए तो जुर्माने से नहीं बचेंगे। जबकि बाजार में सामान खरीद रहे लोगों से भी पॉलिथीन का प्रयोग न करने और झोला लेकर चलने की अपील की। उधर, नगर पंचायतों में अभियान न चलने से क्षेत्रों में धड़ल्ले से पॉलिथीन का इस्तेमाल किया गया।
नगर पालिका के सफाई निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने सोमवार की दोपहर 12 बजे नगर के घास बाजार, सब्जी मंडी, धोबिया इमली रोड, सदर चौक, दालमंडी, भूरा बाजार में चेकिंग अभियान के तहत दुकानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान सब्जी मंडी, भूरा बाजार में कुछ व्यापारियों के पास से करीब 7 किलो 50 माइक्रॉन की पॉलिथीन जब्त करने के साथ टीम ने दुबारा पॉलिथीन मिलने पर 50 हजार रुपए तक जुर्माना लगाने की चेतावनी दी। इससे पहले नगर पालिका कार्यालय में सुबह 11 बजे अमानक पॉलिथीन पर कारगर प्रतिबंध के लिए कार्रवाई को लेकर बैठक हुई। इसके बाद गठित टीम ने बाजारों में छापेमारी की। हालांकि अभियान के पहले दिन ही नगर पालिका के कर्मचारियों की मिलीभगत उजागर हो गई। छापेमारी की सूचना लीक होने के चलते टीम को 7 किलो पॉलिथीन ही मिल सकी।
सूत्रों की मानें तो अगर सूचना लीक नहीं होती तो टीम को छापेमारी में 50 किलो तक पॉलिथीन मिलने की उम्मीद थी। टीम ने कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और ग्राहकों से पॉलिथीन के बजाए कपड़े और कागज के थैले प्रयोग करने की अपील की। दुकानदारों से किसी भी तरह की पॉलिथीन न बेचने और प्रयोग न करने के लिए कहा गया। प्रभारी सफाई निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि पॉलिथीन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उधर, नगर निकाय घोसी, मधुबन, मुहम्मदाबाद, कोपागंज, वलीदपुर, चिरैयाकोट, दोहरीघाट और अदरी में अभियान नहीं चलाया गया। नतीजतन, बाजारों में धड़ल्ले से पॉलिथीन का प्रयोग हुआ।