प्रतिबंधित चीन के मांझे की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घोसी कोतवाली पुलिस ने सोमवार शाम शाहिद हसन को गिरफ्तार किया। वह घोसी कोतवाली क्षेत्र के मानिकपुर असना गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से चीन के मांझे की 18 कूची बरामद कीं।
सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि तलाशी के दौरान सफेद प्लास्टिक के बोरे से अलग-अलग रंगों के मांझे की 18 कूची मिलीं। इनमें काले रंग की एक, नेवी ब्लू की एक, हल्के भूरे रंग की दो, खाकी की एक, गुलाबी की दो, हरे रंग की एक, स्लेटी की एक, नारंगी की तीन, लाल की एक, धानी रंग की तीन, पर्पल की एक और मिलिट्री रंग की एक कूची शामिल है।
पुलिस ने शाहिद हसन के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, चाइनीज मांझे की धार से दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के घायल होने का खतरा रहता है।
इससे पक्षियों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित मांझे की खरीद-बिक्री और इस्तेमाल से बचने तथा इसकी बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है।