नगर के पुलिस लाइन के पास स्थित एक मैरिज हॉल में सोमवार की रात आयोजित ‘डिस्को डांडिया नाइट’ में उत्सव का उल्लास परवान चढ़ते नजर आया। पारंपरिक धुनों और आधुनिक संगीत के अद्भुत फ्यूजन के बीच शहरवासियों ने देर रात तक डांडिया और गरबा की खनक के साथ जमकर जश्न मनाया। आयोजन में महिलाओं और युवतियों के साथ-साथ उनके परिवारजनों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ शुरू। शारदीय नवरात्र में पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची 100 से अधिक महिलाओं और युवतियां ने गरबा की प्रस्तुति दी। जिसे सभी ने सहारा। वहीं लाइव डीजे ने अपने धुनों पर देर रात तक लोगों को झुमाया। कार्यक्रम में कोई अपने परिवार के साथ तो कोई अपने दोस्तों के साथ डांडिया की मस्ती में जमकर झूमा। कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले गण्यमान्य लोगों और सहयोगियों को आयोजक गोपाल गुप्ता ने सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन आपसी भाईचारे और पारंपरिक संस्कृति को जीवंत रखने का बेहतरीन माध्यम हैं।
कार्यक्रम स्थल पर बनाया गया सेल्फी पॉइंट युवाओं और महिलाओं के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा, जहां लोगों ने उत्सव की यादों को कैमरे में कैद किया। इसके साथ ही, विभिन्न प्रकार के पारंपरिक और आधुनिक व्यंजनों के स्टॉल्स पर भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली, जिन्होंने गरबा की मस्ती के बीच लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। इस दौरान मुख्य रूप से प्रतीक जायसवाल, अभय सिंह, आयुष, रोहित यादव, प्रखर, वैभव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।